8th Pay Commission : कर्मचारियों को कितने दिन का मिलेगा एरियर, जानें कब लागू होगा नया वेतन आयोग

8th Pay Commission : 1.2 करोड़ केंद्रीय कर्मचारी नए वेतन आयोग का इंतजार कर रहे हैं। कर्मचारियों का एक ही सीधा सा सवाल है कि उनकी सैलरी में कितना इजाफा होगा। दूसरा सवाल कि यह कब से लागू होगा और कितना एरियर मिलेगा। चलिए इस आर्टिकल के माध्यम से जानते हैं नए वेतन आयोग में क्या कुछ मिलने वाला है।

7वें वेतन आयोग में लगा था कितना समय
आठवें वेतन आयोग में कितना समय लगेगा, इस बात का अंदाजा हम कुछ 7वें वेतन आयोग से भी लगा सकते हैं। सातवें वेतन आयोग में 2014 में फरवरी में वेतन आयोग की घोषणा कर दी गई थी और जून 2016 तक सरकार ने इसको लागू करने की घोषणा की थी। सरकार की तरफ से इसको 1 जनवरी 2016 से प्रभावी माना गया था। ऐसे में करीब ढाई साल का समय वेतन आयोग की रिपोर्ट लागू होने तक में लगा था।

8वें वेतन आयोग में लग सकता है कितना समय
इसी प्रकार 8वें वेतन आयोग में भी कर्मचारियों के लिए लंबा समय लगने का अनुमान है। अब तक के घटनाक्रम के अनुसार जनवरी 2025 में सरकार की तरफ से आठवें वेतन आयोग को मंजूरी दी गई थी। इसकी मंजूरी के कई महीने बाद नवंबर में सरकार ने वेतन आयोग की कमेटी गठित की। कमेटी की तरफ से करीब 18 महीने का समय लिया जाएगा।

इसके बाद कमेटी अपनी रिपोर्ट को सरकार के समक्ष रखेगी। फिर सरकार कमेटी की रिपोर्ट को लागू करने से पहले उसकी समीक्षा करेगी और तब कहीं जाकर आठवें वेतन आयोग को लागू करने की घोषणा करेगी। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि जून 2027 तक सरकार की तरफ से आठवें वेतन आयोग को लागू करने की घोषणा कर दी जाए।

कर्मचारियों को दिया जाएगा एरियर
बता दें कि सरकार की तरफ से हर 10 साल में एक नया वेतन आयोग लागू किया जाता है। अब तक 7 वेतन आयोग लागू हो चुके हैं। सातवें वेतन आयोग का कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को खत्म हो चुका है। ऐसे में नए वेतन आयोग को 1 जनवरी 2026 से ही प्रभावी माना जाएगा और जितने भी महीने की देरी होगी, कर्मचारियों को एरियर दिया जाएगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि कर्मचारियों को कई लाख रुपए तक का एरियर एक साथ मिलेगा।

कितनी बढ़ सकती है सैलरी
कर्मचारियों की सैलरी में बढ़ोतरी पूर्ण रूप से फिटमेंट फैक्टर पर आधारित दिखाई दे रही है। फिटमेंट फैक्टर को लेकर अभी कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं आया है, लेकिन अनुमानित आंकड़ों के अनुसार फिटमेंट फैक्टर 2.86 रह सकता है। ऐसे में 2.86 को अपनी बेसिक सैलरी के साथ मल्टीप्लाई करके नई बेसिक सैलरी निकाली जा सकती है। उदाहरण के लिए किसी की बेसिक सैलरी 18000 रुपए है तो 2.86 से गुणा करने पर करीब 51000 नई बेसिक सैलरी हो जाएगी। यानी कि 186% की बढ़ोतरी होगी।

Leave a Comment