Hisar New Overbridge Plan : हरियाणा के हिसार में रिंग रोड के बाद अब एक और बड़ा प्रोजेक्ट आया है। शहर को जाम से छुटकारा दिलाने के लिए एक और पुल बनाया जाएगा। इसको लेकर हलचल शुरू हो गई है। रोजाना हजारों वाहन चालकों को अब जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। चलिए जानते हैं इस योजना के बारे में विस्तार से-
लगातार बढ़ रही है वाहनों की संख्या
हिसार के इस मुख्य रोड पर लगातार वाहनों की संख्या बढ़ रही है। शहर के विस्तार के कारण यहां से गुजरने वाले वाहनों की संख्या कई गुना बढ़ चुकी है। यहां पर पहले से एक पुल है, जब यह पुल बना था तो इस रूट पर वाहनों का दबाव कम था। पुराना पुल 2008 में बना था, जिसको अब करीब 17 साल हो चुके हैं। पहले की तुलना में तीन से चार गुना वहान बढ़ चुके हैं, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ जाती है।
हिसार लोक निर्माण विभाग का प्लान
हिसार में नया पुल बनाने का प्लान हिसार लोक निर्माण विभाग की तरफ से तैयार किया गया है। शहर की लाइफ लाइन कहे जाने वाले जिंदल पुल के साथ एक और पुल बनाने की योजना है। जिंदल पुल पर रोज लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत मिल जाएगी। विभाग की तरफ से फिजिबिलिटी रिपोर्ट के बाद इसका डिजाइन तैयार करने के लिए मुख्यालय से कंसल्टेंट नियुक्त करने की अनुमति मांगी गई है।
कंसल्टेंट तैयार करेगा डिजाइन
विभाग की तरफ से मांगे गए कंसल्टेंट की अनुमति मिल जाने के बाद वह ओवरब्रिज के साथ-साथ डाबड़ा चौक पुल की तरफ एक और रेलवे ओवर ब्रिज का डिजाइन तैयार करेगा। फिलहाल पुल कितना लंबा और चौड़ा होगा, इस प्रकार का डिजाइन तैयार नहीं हुआ है। पुराने पुल के समानांतर इस पुल को बनाने की प्लानिंग की जा रही है।
रास्ता हो जाएगा चौड़ा
नया पुल बन जाने से वाहनों को आने-जाने में ज्यादा परेशानी नहीं होगी, क्योंकि यह रास्ता चौड़ा हो जाएगा। वाहन चालकों को जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। एक पुल से वहान जाएंगे तो एक पुल से वाहनों का आगमन होगा। यानी कि वन वे ट्रैफिक और लेन सिस्टम लागू करना आसान हो जाएगा, जिससे शहर वासियों को जाम से छुटकारा मिलेगा।
काफी टाइम से किया जा रहा है प्रयास
इस प्रोजेक्ट को लेकर लंबे समय से प्रयास किया जा रहा है। जिस पर अब हलचल होनी शुरू हो गई है। शुरुआत में इस पुल के निर्माण में समय व जगह की उपलब्धता न होने के कारण चौड़ाई बढ़ाने में असमर्थता दिखाई गई थी। परंतु, विभाग के अफसरों की पहल पर प्रोजेक्ट को लेकर रिपोर्ट तैयार की गई है और नए पुल की उम्मीद अब जग गई है।
क्यों बनाया जा रहा है नया पुल
हिसार के दिल्ली रोड से हांसी की तरफ से आने वाले वहान ज्यादातर जिंदल पुल से सीधे एंटर करते हैं। फिलहाल जिंदल पुल पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है। सुबह शाम जब वाहनों की संख्या ज्यादा होती है तो ट्रैफिक जाम भी लग जाता है। इससे लोगों के समय की बर्बादी भी होती है और आपातकालीन सेवाओं में भी बाधा आती है। इसी के चलते इस पुल की चौड़ाई बढ़ाने के लिए एक नया पुल बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
फिलहाल इस रोड की चौड़ाई 7 मीटर है और दोनों तरफ डेढ़ डेढ़ मीटर चौड़े फुटपाथ बने हुए हैं। यह पुल करीब एक किलोमीटर लंबा है। यहां पर जिंदल ग्रुप की इंडस्ट्री होने के चलते भी बड़े वाहनों का आगमन लगा रहता है। भारी वाहनों के साथ दूसरे हल्के वाहन भी क्रॉस करते रहते हैं। ऐसे में जाम भी लग जाता है और हादसों का भय बना रहता है।
क्या कहते हैं अधिकारी
बी एंड आर विभाग के एसई अजीत सिंह के हवाले से मीडिया में रिपोर्ट है कि जिंदल पुल के साथ-साथ समानांतर एक और रेलवे ओवरब्रीज बनाने की प्लानिंग है। शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए यह एक खास प्रोजेक्ट होगा। इसके डिजाइन को लेकर कंसल्टेंट नियुक्त करने के लिए मुख्यालय से अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलने के बाद कंसल्टेंट नियुक्त हो जाएगा। यह एजेंसी डिजाइन तैयार करेगी कि यहां किस तरह का रेलवे ओवरब्रिज बनाना ठीक रहेगा।