Toyota ने लंबे इंतजार के बाद Land Cruiser FJ को लॉन्च कर दिया है। यह कार क्लासिक FJ40 से प्रेरित एक कॉम्पैक्ट बॉडी-ऑन-फ्रेम ऑफ-रोडर है, जिसे ‘फ्रीडम एंड जॉय’ की थीम के साथ पेश किया गया है। Toyota Land Cruiser FJ की थाईलैंड में स्पेशल इंट्रोडक्टरी कीमत 1,269,000 थाई बात (करीब ₹36.12 लाख) रखी गई है, जबकि इसकी रेगुलर कीमत 1,289,000 थाई बात (लगभग ₹36.7 लाख) होगी।
थाईलैंड में हुई लॉन्च
यह SUV फिलहाल थाईलैंड में लॉन्च की गई है। वहीं, भारत में इसके 2028 के अंत तक लॉन्च होने की उम्मीद जताई जा रही है, जहां इसकी अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत 30 लाख रुपये से शुरू हो सकती है। आइए अब इसके डिजाइन, इंजन और परफॉर्मेंस से जुड़ी अहम जानकारियों पर एक नजर डालते हैं। इसे जापान में मिड-2026 के आसपास लॉन्च करने की योजना है।
जानें डिजाइन डिटेल
लैंड क्रूजर FJ का डिजाइन रेट्रो और मॉडर्न स्टाइल का बेहतरीन मेल है। इसका बॉक्सी और अपराइट सिल्हूट, स्क्वायर बॉडी पैनल और फ्लेयर्ड व्हील आर्चेस इसे मजबूत ऑफ-रोड पहचान देते हैं। ब्लैक प्लास्टिक क्लैडिंग, चंकी बंपर्स और पीछे की तरफ माउंटेड स्पेयर व्हील इसे एक हार्डकोर ऑफ-रोडर लुक देते हैं।
फ्रंट में दिए गए LED हेडलैंप्स में U-शेप DRL के साथ हेरिटेज टच साफ नजर आता है। डायमेंशन की बात करें तो इसकी लंबाई 4575 mm, चौड़ाई 1855 mm, ऊंचाई 1960 mm और व्हीलबेस 2580 mm रखा गया है। वहीं, बेहतर ऑफ-रोडिंग के लिए इसमें अच्छी ग्राउंड क्लियरेंस भी दी जाएगी।
12.5 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम
केबिन का डिजाइन भी पूरी तरह यूटिलिटेरियन और फंक्शनल रखा गया है। इसमें सिंपल और मजबूत डैशबोर्ड दिया गया है, साथ ही बड़े ग्रैब हैंडल्स और फिजिकल बटन मिलते हैं। SUV में 12.5 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 3-स्पोक स्टीयरिंग व्हील दिया गया है। रियर सीट्स रिक्लाइनिंग फीचर के साथ आती हैं। 5-सीटर लेआउट में अच्छी विजिबिलिटी और बेहतर प्रैक्टिकलिटी मिलती है। केबिन में इस्तेमाल किए गए मैटेरियल्स टफ और ड्यूरेबल हैं, जो इसे ऑफ-रोडिंग के लिए बेस्ट बनाते हैं।
फीचर्स और सेफ्टी में भी मिलेगी दमदार टेक्नोलॉजी
कंपनी ने इसमें Toyota Safety Sense के साथ कई एडवांस फीचर्स दिए हैं। इसमें 360-डिग्री कैमरा, मल्टी-टेरेन सिस्टम, टॉप वेरिएंट में पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स और एडवांस्ड कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स शामिल हैं। SUV का मुख्य फोकस ऑफ-रोड कैपेबिलिटी पर रखा गया है, जिसके लिए इसमें 4WD सिस्टम के साथ हाई-और-लो रेंज गियर दिए गए हैं।
सेफ्टी की बात करें तो इसमें लेवल-2 ADAS सूट, 7 एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल होल्ड कंट्रोल, हिल डिसेंट कंट्रोल और मजबूत लैडर-फ्रेम चेसिस दी गई है।
2.7-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ मिलेगी दमदार परफॉर्मेंस
लैंड क्रूजर FJ में 2.7-लीटर 4-सिलिंडर पेट्रोल इंजन (2TR-FE) लगाया गया है, जो 163 PS पावर और 246 Nm टॉर्क प्रदान करता है। इसके साथ 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन और पार्ट-टाइम 4WD सिस्टम स्टैंडर्ड मिलता है, जिससे ऑफ-रोडिंग क्षमता और बेहतर होती है।
माइलेज की बात करें तो शहर में यह 8-10 kmpl और हाईवे पर 12–14 kmpl के आसपास रहने की संभावना है। अगर यह SUV भारतीय बाजार में लॉन्च होती है, तो यह Mahindra Thar और Maruti Jimny जैसी लोकप्रिय ऑफ-रोड कारों को कड़ी टक्कर दे सकती है।