Haryana Weather Update : हरियाणा में लगातार बारिश के बाद मौसम आज साफ है, लेकिन मौसम विभाग की तरफ से आने वाले दिनों के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रदेश में बारिश का सिलसिला अभी और ज्यादा दिन चलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में प्रदेश में ओलावृष्टि और बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है। ओलावृष्टि और बारिश व तेज आंधी से फसलों को नुकसान भी पहुंचा है। तेज हवा के कारण खेतों में गेहूं की फसल बिछ गई है, जबकि सरसों और सब्जियों पर भी इसका असर देखने को मिला है।

बारिश के बाद खिल गई धूप
कल हरियाणा के ज्यादातर जिलों में बारिश देखने को मिली। हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी, झज्जर व राजस्थान से लगते अन्य जिलों में ओलावृष्टि देखने को मिली। दिल्ली एनसीआर में भी तेज बारिश का दौर चला, लेकिन बारिश के बाद आज धूप खिल गई है, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ के बादल अब जा चुके हैं। जल्द ही नया पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है।

आज और कल कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग की तरफ से नया अलर्ट जारी किया गया है, जिसके अनुसार एक और दो अप्रैल को बारिश की बहुत कम संभावना है। कहीं कहीं पर बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर हल्की-फुल्की बारिश भी हो सकती है, परंतु ज्यादा व्यापक स्तर पर बारिश की संभावना नहीं जताई जा रही है।

पिछले 24 घंटे में तापमान की क्या रही है स्थिति
पिछले 24 घंटे में तापमान में गिरावट देखने को मिली है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, हिमाचल, उत्तराखंड में तापमान में सामान्य से एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिली है। तापमान में गिरावट से लोगों को एक बार फिर एसी से पंखे पर आना पड़ा है।

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम, कब लौटेगा बारिश का दौरा
अब सवाल उठता है कि आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहेगा तो मौसम विभाग की एडवाइजरी के अनुसार तीन और चार अप्रैल को फिर से पश्चिम विकोभ सक्रिय हो रहा है, जिसकी वजह से पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश में बारिश देखने को मिल सकती है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार तक की हवा चल सकती है। कहीं-कहीं पर ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। 7 अप्रैल को फिर से नया पश्चिम विक्षोभ आ सकता है। जिसका असर भी व्यापक स्तर पर रह सकता है यानी सप्ताह के अंत में फिर से बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है।

इन जिलों में हो सकती है ज्यादा बारिश
आने वाले दिनों में जिलावार बात करें तो ज्यादा बारिश की संभावना हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, महेंद्रगढ़ नारनौल, रोहतक, झज्जर व दिल्ली एनसीआर में है। इसके अलावा जीटी बेल्ट के जिलों में भी प्रभाव देखने को मिल सकता है। पंचकूला साइट बारिश का असर होने की संभावना थोड़ी कम है, परंतु अभी आने वाले दिनों में हवाओं के रूख पर निर्भर करेगा कि कहां अधिक बारिश होगी।

Leave a Comment