Hisar Ring Road Project : हरियाणा के हिसार शहर के लिए रिंग रोड का प्रोजेक्ट एक बहुत ही महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। यह रिंग रोड बन जाने से शहर के चारों तरफ से ट्रैफिक डायवर्ट हो जाएगा। शहर के अंदर जाम से छुटकारा मिल जाएगा। इसका दूसरा बड़ा इफेक्ट प्रॉपर्टी के दामों पर देखने को मिलेगा। प्रॉपर्टी एक्सपर्ट का मानना है कि जहां से रोड गुजरेगा, वहां पर कीमतें निश्चित तौर पर बढ़ जाएंगी। चलिए जानते हैं प्रोजेक्ट के बारे में पूरी डिटेल्स –
प्रोजेक्ट में किया गया बड़ा बदलाव
हिसार में बनने वाले रिंग रोड के प्रोजेक्ट में बड़ा बदलाव किया गया है। पहले रिंग रोड का जो दायरा था उस दायरे को बढ़ा दिया गया है। रिंग रोड में आने वाले गांव की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इस रिंग रोड को 41 किलोमीटर का बनाया जाएगा। पहले यह प्रस्ताव 25.3 किलोमीटर तक का था। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की तरफ से यह प्रोजेक्ट प्रस्तावित है।
प्रोजेक्ट की डीपीआर की जाएगी तैयार
प्रोजेक्ट पर तेजी से काम किया जा रहा है। इसकी डीपीआर तैयार की जाएगी। प्रोजेक्ट के तहत रिंग रोड की जद में आने वाले गांवों को काफी लाभ होगा। वहीं जिनकी भूमि से रिंग रोड गुजरेगा, उनको मुआवजा दिया जाएगा।
कितने रुपए होंगे प्रोजेक्ट पर खर्च
इस रिंग रोड पर खर्च अब पहले से लगभग दोगुना हो जाएगा, क्योंकि रिंग रोड के प्रोजेक्ट में 15.7 किलोमीटर का दायरा बढ़ा दिया गया है। इससे हिसार में बनने वाले इस प्रोजेक्ट में अब 19 करोड़ रुपए की जगह 34 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। अभी यह प्रस्ताव केंद्र सरकार के सामने रखा जाएगा, जहां से मंजूरी के बाद इस पर आगे का कार्य किया जाएगा।
रिंग रोड का शहर को क्या होगा लाभ
हिसार में बनाए जाने वाला रिंग रोड को भविष्य को देखते हुए बनाया जा रहा है। इस रिंग रोड के प्रोजेक्ट से शहर में यातायात के लगातार बढ़ रहे दबाव को कम किया जा सकेगा। बाहर की ओर से जाने वाले लोग शहर में एंटर करें बगैर बाहर के बाहर निकल सकेंगे। इस प्रोजेक्ट के माध्यम से राजगढ़ रोड, दिल्ली रोड व अन्य प्रमुख सड़कों को आपस में जोड़ने का काम किया जाएगा। प्रोजेक्ट के लिए भूमि अधिग्रहण भी किया जाएगा। इसके लिए 90% सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है। आने वाले दशकों तक ट्रैफिक की समस्या का इस रोड से समाधान हो जाएगा।
667 एकड़ जमीन का किया जाएगा अधिग्रहण
प्रोजेक्ट के लिए 41 किलोमीटर का दायरा रखा गया है। इसके लिए 667 एकड़ जमीन अधिग्रहण की जाएगी। इसके बदले में जमीन मालिकों को मुआवजा दिया जाएगा। शहर के ट्रैफिक को इससे काफी राहत मिलेगी। वहीं, दिल्ली की तरह दिखने वाला रिंग रोड शहर के चारों तरफ हो जाएगा।
इन गांवों में बढ़ेगी जमीन की कीमत
प्रॉपर्टी एक्सपर्ट सुनील श्योराण का कहना है कि जब कहीं से भी कोई सड़क या हाईवे निकलता है तो वहां जमीन की कीमत बढ़ जाती है। एक्सप्रेसवे के किनारे अक्सर कोई कट न होने के चलते जमीन के दाम ज्यादा नहीं बढ़ते, लेकिन जो रिंग रोड हिसार में बनाया जाएगा, उसके चारों तरफ आवासीय कॉलोनी में जमीन के रेट बढ़ जाएंगे। वहीं खेती की जमीन की कीमत भी पहले से ज्यादा उछल जाएगी। यह रिंग रोड जिन गांवों से होकर गुजरेगा उनमें निश्चित तौर पर कीमत बढ़ सकती है।
इन गांव से होकर गुजरेगा नया रोड
हिसार में बनने वाले रिंग रोड का एक सिरा गंगवा और देवा के बीच से शुरू होगा। यहां से यह हरिकोट, डाबडा, लाडवा, भगाना, मय्यड़, खरड़, कुलाना, नियाना, खोखा, खरकड़ी, मिर्जापुर, धान्सु, तलवंडी राणा तक जाकर चंडीगढ़ रोड तक जाएगा। इन गांवों को भी रिंग रोड से लाभ होगा। यहां, जमीन की कीमतें बढ़ सकती है।