Weather Alert : भारत मौसम विभाग की ओर से लेटेस्ट वेदर अपडेट जारी किया गया है। इस वेदर अपडेट के अनुसार देश के कई राज्यों में हिटवेव चल सकती हैं। ऐसे में मौसम विभाग ने कहा है कि अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में 18 मई तक बढ़ोतरी होने की संभावना बनी हुई है। वहीं देश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी है।
इन इलाकों में बदलेगा मौसम
देश के अलग-अलग हिस्सों में वर्तमान में मौसम में बदलाव साफ दिखाई दे रहा है। एक ओर जहां उत्तरी और पूर्वी क्षेत्र में तूफान, ओलावृष्टि और बारिश देखने को मिल रही है। वहीं, दूसरी ओर मध्य और पश्चिमी हिस्सों में भीषण लू लोगों को परेशान कर रही हैं। ऐसे में मौसम विभाग के वेदर अपडेट ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
आईएमडी की ओर से जारी किए गए वेदर अपडेट के अनुसार 13 से 16 मई के बीच राजधानी दिल्ली, एनसीआर और उत्तर पश्चिमी भारत के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं। ऐसे में तापमान में बढ़त होने के चांस काफी कम नजर आ रहे हैं और लोगों को गर्मी से राहत मिली रह सकती है। वहीं, इस बीच भारत मौसम विभाग की ओर से उत्तर पश्चिम, मध्य और पश्चिम भारत के कई क्षेत्रों में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दो दिनों में भीषण गर्मी देखने को मिल सकती है।
राजस्थान में लू का अलर्ट
आईएमडी की ओर से जारी किए गए लेटेस्ट वेदर अपडेट के अनुसार 12 से 18 मई के बीच राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश के कई क्षेत्रों में लू चलने की आशंका है। साथ ही इस दौरान कुछ क्षेत्रों में भीषण लू की स्थिति भी देखने को मिल सकती है। वहीं 15 मई तक पूर्वी राजस्थान के कई क्षेत्रों में राते बेहद गर्म हो सकती हैं। मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के अनुसार विदर्भ में 16 मई तक, गुजरात और मध्य महाराष्ट्र में 14 मई तक, मराठवाड़ा में 15 मई तक और कोंकण तथा गोवा में आज 13 मई तक बहुत तेज गर्मी का दौर देखने को मिल सकता है।
जाने कितना रहेगा तापमान
भारत मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए वेदर पूर्वानुमान के अनुसार 12 मई से 18 मई के बीच मध्य भारत के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। भारत में 16 मई तक तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखने को मिलने की संभावना है।
जानिए क्या कहते हैं मौसम विशेषज्ञ
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान में पश्चिमी भारत के ऊपर एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन पैटर्न मौजूद है। ऐसे में इसके चलते भीषण गर्मी का दौर देखा जा रहा है और मौसम शुष्क बना हुआ है। इसके अलावा बड़े शहरों में भी अर्बन हीट आइलैंड के असर के चलते रात के समय गर्मी बढ़ रही है।