Haryana Weather : हरियाणा में आगे कब तक रहेगा मौसम खराब, जानें क्या कहता है मौसम विभाग

Haryana Weather : हरियाणा में वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते मौसम में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। ऐसे में 17 जिलों में बारिश देखने को मिली है। इस दौरान करनाल में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है। करनाल में 62.5 एमएम बारिश हुई है।

वहीं, सिरसा, हिसार और यमुनानगर में भी जबरदस्त बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है। ऐसे में लोगों को परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। बारिश के चलते कई क्षेत्रों में खंभे और ट्रांसफार्मर गिर गए हैं। साथ ही अनेक जगहों पर पेड़ भी गिरे हैं, जिससे बीते दो दिनों से बिजली प्रभावित हो रही है।


वर्तमान में हो रही बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं, आम लोग लगातार परेशानियां भी झेल रहे हैं। एक ओर जहां लोगों को बिजली की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, दूसरी और अनाज मंडी में रखे गेहूं और सरसों भी भीग रहे हैं।

ऐसे में फसलों को बारिश से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिससे किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। मौसम विभाग की ओर से आज प्रदेश के 11 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया था। विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 6 मई तक प्रदेश में मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।


आज बहादुरगढ़ में अचानक से ओलावृष्टि भी हुई है। इस दौरान क्षेत्र में जमकर ओले बरसे हैं। साथ ही रोहतक व अन्य क्षेत्रों में तेज आंधी ने भी दस्तक दी है।


आईएमडी की ओर से चालू किए गए वेदर अपडेट के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते क्षेत्र में दो से तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है। हालांकि इसके बाद एक बार फिर मौसम साफ हो सकता है और तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि उसके बाद फिर से बारिश होने के आसार नजर आ रहे हैं। प्रदेश में अचानक से मौसम ने करवट ली और कई क्षेत्रों में जबरदस्त बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। इस दौरान करनाल में सबसे अधिक बारिश हुई है।

इसी के साथ हरियाणा के 17 जिलों में बारिश के चलते तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। हरियाणा के सभी जिलों में तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। वहीं, इस दौरान न्यूनतम तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस के करीब बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दिनों में भी ऐसे ही बारिश का सिलसिला देखने को मिल सकता है।
पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।


कहां कितना रहा तापमान
मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार अंबाला में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस, गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस, हिसार में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस, करनाल में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। इसके अलावा नारनौल में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है।

Leave a Comment