UP Weather : उत्तर प्रदेश में फिर बदला मौसम, इस दिन से शुरू होगा नौतपा, पहले होगी बारिश

UP Weather : उत्तर प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। इन दिनों जहां मौसम लगातार सुहाना बना हुआ था वहीं, अब एक बार फिर प्रदेशवासियों को गर्मी का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल कुमार सिंह के अनुसार 14 मई से एक बार फिर प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी (weather update) देखने को मिल सकती है और मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के वैज्ञानिकों (IMD Alert) का कहना है कि आने वाले सप्ताह में प्रदेश के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़त होने की आशंका है। वहीं, यह भी अनुमान जताया जा रहा है कि 25 मई से नौतपा शुरू हो सकता है। इस दौरान सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेगा। जानकारों का कहना है कि इस बार गर्मी अपने चरम पर रहेगी। ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष के शुरुआत के नौ दिनों में गर्मी इतनी ज्यादा बढ़ जाएगी कि लोगों का अपने घरों से निकलना मुश्किल हो जाएगा।

उत्तर प्रदेश में वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ (WD in UP) का प्रभाव कम होने लगा है। ऐसे में मौसम विभाग की ओर से लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 20 मई तक प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव पूरी तरह रुक जाएगा। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाली ठंडी हवाएं भी रुक जाएगी और उत्तर पश्चिम क्षेत्र में गर्म हवाओं का सिलसिला शुरू हो जाएगा।

मौसम विशेषज्ञ डॉक्टर एसएन सुनील पांडे (IMD Weather Updates) के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में अचानक से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और लू का प्रकोप भी बढ़ सकता है। ऐसे में वर्तमान में तापमान सामान्य से कम बना हुआ है। वहीं, 20 मई के बाद अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है। शनिवार को भी दिन और रात के तापमान में बढ़त देखने को मिली थी और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 24 डिग्री सेल्सियस हो गया था।


बदलते मौसम में सेहत का रखें खास ध्यान


वर्तमान में लगातार मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। ऐसे में इसका सीधा-सीधा प्रभाव लोगों की सेहत पर भी दिखाई दे रहा है। एक ओर जहां बारिश हो रही है तो फिर अचानक गर्मी भी बढ़ रही है, जिसकी वजह से तापमान में काफी बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है।

ऐसे में डॉक्टरों का कहना है कि बदलते मौसम (weather effects) में शरीर की मांसपेशियों में सिकुड़न होने लग जाती है और फैलाव होता है। इससे बदन दर्द और थकान जैसी समस्या बढ़ सकती है। विशेषज्ञों ने कहा है कि बारिश के बाद उमस बढ़ने से संक्रामक रोग भी बढ़ सकते हैं और पेट संबंधी संक्रमण भी हो सकता है। ऐसे में लोगों को खाने पीने का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है।


15 मई के बाद बढ़ेगी गर्मी


मौसम विभाग की रिपोर्ट (Weather Updates) के मुताबिक 15 मई तक हल्की बूंदाबांदी के चलते तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। वहीं, 13 व 14 मई को गरज व चमक के साथ हल्की बारिश भी देखने को मिल सकती है। हालांकि 15 मई के बाद प्रदेश के तापमान में अचानक से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी और गर्मी का असली दौर शुरू होगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों को हिदायत दी है कि दोपहर के समय घर से बाहर न निकले और भरपूर मात्रा में पानी पीते रहे।

Leave a Comment