Gurugram : सुलतानपुर रोड स्थित फरुखनगर रेलवे फाटक पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण 11 मई से 17 मई तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। ट्रैफिक पुलिस (traffic police) ने आमजन की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए एडवाइजरी जारी की है। यह प्रतिबंध 11 मई सुबह 9 बजे से शुरू होकर 17 मई शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगा।
पुलिस के मुताबिक इस दौरान मुबारकपुर फाटक बंद रहने के चलते झज्जर और गुरुग्राम के बीच आवाजाही करने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। गुरुग्राम से झज्जर जाने वाले वाहन चालक सुलतानपुर रोड से होते हुए फरुखनगर के रास्ते झज्जर पहुंच सकेंगे। वहीं झज्जर से गुरुग्राम आने वाले वाहन चालक फरुखनगर मार्ग से सुलतानपुर (Farukhnagar Road to Sultanpur) होते हुए गुरुग्राम जा सकेंगे।
रामगोपाल कॉलेज मार्ग से सुलतानपुर होते हुए मुबारकपुर जाने की सलाह
इसके अलावा गुरुग्राम से मुबारकपुर (Gurugram to Mubarakpur) की ओर जाने वाले वाहन चालकों को रामगोपाल कॉलेज मार्ग से सुलतानपुर होते हुए मुबारकपुर जाने की सलाह दी गई है। वहीं झज्जर से मुबारकपुर आने वाले वाहन चालक फरुखनगर से सुलतानपुर होकर रामगोपाल कॉलेज मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही पालन करें और अपनी यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें, ताकि किसी भी तरह की जाम की स्थिति से बचा जा सके ।