Delhi-NCR : दिल्ली-एनसीआर में अपना घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी (DDA) ने बड़ा मौका पेश किया है। DDA अपने 22वें फेज की ई-नीलामी के तहत कुल 24 रेजिडेंशियल प्लॉट्स की नीलामी करने जा रहा है।
ये प्लॉट्स रोहिणी, द्वारका, सफदरजंग डेवलपमेंट एरिया (SDA) और रमेश नगर जैसी प्राइम लोकेशन्स में स्थित हैं। इन प्लॉट्स का रिजर्व प्राइस 83.39 लाख रुपये से शुरू होता है। ई-ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन (Registration for e-auction) की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो 22 मई 2026 को शाम 6 बजे तक जारी रहेगी।
नीलामी की तारीख जल्द होगी घोषित
दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी के अनुसार, नीलामी की तारीख फाइनल होते ही इसकी जानकारी DDA की आधिकारिक वेबसाइट और ऑक्शन पोर्टल पर अपडेट कर दी जाएगी। इसके अलावा, सभी आवेदकों को उनके रजिस्टर्ड ई-मेल आईडी (Registered email ID) पर भी नीलामी से जुड़ा नोटिफिकेशन भेजा जाएगा।
ई-नीलामी के लिए 5% EMD जमा करना होगा
ई-नीलामी में सबसे छोटे आकार के प्लॉट रमेश नगर में उपलब्ध हैं। यहां कुल 4 प्लॉट्स रखे गए हैं, जिनका साइज 83.60 वर्ग मीटर है। इन प्लॉट्स का रिजर्व प्राइस 1.06 करोड़ रुपये तय किया गया है।
इस ई-नीलामी में सबसे बड़ा रेजिडेंशियल प्लॉट द्वारका सेक्टर 17 (पॉकेट बी3) में स्थित है। इस प्लॉट का कुल क्षेत्रफल 260 वर्ग मीटर है। प्रीमियम कैटेगरी के इस प्लॉट का रिजर्व प्राइस 13.30 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है।
ई-नीलामी के नियमों (E-auction rules) के अनुसार, बोली लगाने वाले आवेदक को पहले चरण में रिजर्व प्राइस का 5% बयाना राशि (EMD) के रूप में ऑनलाइन जमा करनी होगी।
लोकेशन, एरिया और रिजर्व प्राइस की डीटेल्स
लोकेशन – एरिया (स्क्वायर मीटर) – प्लाट्स की संख्या – रिजर्व प्राइस (रुपये)
रोहिणी – 119 से 126 – 18 – 83,39,520 से 8,14,59,60
द्वारका – 167.18 से 260 – 2 – 11,17,95,543 से 13,30,46,800
SDA – 90.3 – 1 – 4,91,20,456
रमेश नगर – 83.6 – 3 – 1,06,74,048
मेट्रो, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट से सीधी कनेक्टिविटी
कनेक्टिविटी की बात करें तो द्वारका से एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन (Dwarka to Airport Express Line) की सुविधा उपलब्ध है। वहीं द्वारका सेक्टर 21, द्वारका मोड़ और सेक्टर 8 से 14 तक के मेट्रो स्टेशन ब्लू लाइन के जरिए सेंट्रल दिल्ली और नोएडा से बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करते हैं।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से सिर्फ 20-25 मिनट की दूरी
- मेट्रो के साथ-साथ यहां से एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन तक भी बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध है। वहीं, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (New Delhi Railway Station) यहां से केवल 20 से 25 मिनट की दूरी पर स्थित है।
सफदरजंग डेवलपमेंट एरिया (SDA) साउथ दिल्ली का एक प्रमुख और पॉश इलाका माना जाता है। यहां से घरेलू एयरपोर्ट और सेंट्रल दिल्ली तक बेहतरीन कनेक्टिविटी उपलब्ध है। हौज खास और ग्रीन पार्क मेट्रो स्टेशन यहां से पैदल दूरी पर स्थित हैं। वहीं, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (T1) तक लगभग 20 मिनट में आसानी से पहुंचा जा सकता है।
रोहिणी वेस्ट रेड लाइन मेट्रो के जरिए दिल्ली के सभी प्रमुख इलाकों से अच्छी तरह जुड़ा हुआ है। यहां से लगभग 45 से 55 मिनट में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक आसानी से पहुंचा जा सकता है।
इलाके की कनेक्टिविटी डिटेल्स-
लोकेशन – प्रमुख मेट्रो लाइन्स – IGI एयरपोर्ट (T1 / T3) पहुंचने का समय – नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (NDLS) पहुंचने का समय
द्वारका – ब्लू और ऑरेंज (एयरपोर्ट एक्सप्रेस) लाइन – T3: 5 मिनट (डायरेक्ट)T1: इंटरचेंज के जरिए – 20-25 मिनट (डायरेक्ट एयरपोर्ट एक्सप्रेस से)
SDA – येलो और मैजेंटा लाइन – T1: ~20 मिनट (डायरेक्ट), T3: 45-50 मिनट – 25-30 मिनट (डायरेक्ट येलो लाइन से)
रोहिणी – रेड लाइन – T3: ~1.25 – 1.5 घंटे (2 इंटरचेंज) – 45-55 मिनट (1 इंटरचेंज)
75:25 भुगतान योजना-
दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी के अनुसार, सबसे अधिक बोली लगाने वाले बिडर (H1) को लेटर ऑफ इंटेंट जारी होने के 7 दिनों के भीतर कुल बिड राशि का 25% (जिसमें EMD राशि शामिल होगी) जमा करना अनिवार्य होगा। शेष 75% राशि का भुगतान 60 दिनों के अंदर पूरा करना होगा।
दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी के नियमों के अनुसार, यदि 60 दिनों के भीतर भुगतान नहीं किया जाता है तो इसे 90 दिनों तक बढ़ाया जा सकता है, लेकिन 60 दिन के बाद की अवधि पर 10% वार्षिक ब्याज देना होगा। अगर 90 दिनों के भीतर भी भुगतान नहीं किया गया तो बिड रद्द कर दी जाएगी। 75% शेष राशि और लागू ब्याज का भुगतान करने के बाद ही पजेशन लेटर जारी किया जाएगा। पजेशन लेटर जारी होने के 30 दिनों के अंदर आवंटी को फिजिकल कब्जा लेना अनिवार्य होगा।