IMD Delhi NCR Weather : राजधानी दिल्ली और एनसीआर में आगामी सप्ताह में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि वीकेंड पर मौसम गर्म बना हुआ है। मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए वेदर अपडेट के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से धूल भरी आंधी चलने और बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी ने वेदर अपडेट में बताया है कि 11 व 12 मई को दिल्ली एनसीआर में आंधी व बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में आने वाले सप्ताह में तापमान में एक बार फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। वहीं, विभाग का पूर्वानुमान है कि 17 मई तक दिल्ली एनसीआर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही बने रहने की संभावना है। साथ ही इस दौरान लू चलने के आसार बेहद कम नजर आ रहे हैं।
जाने कल कैसा रहेगा मौसम
आईएमडी के वेदर अपडेट के अनुसार कल 10 मई को एक नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। ऐसे में इसके प्रभाव के चलते 11 व 12 मई को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही इस दौरान बारिश भी देखने को मिल सकती है। वहीं, 13 मई को भी दिन भर बादल बने रहने के आसार हैं। इसके अलावा शनिवार को मौसम साफ रहा है। वहीं, बाकी दिनों के मुकाबले तापमान में बढ़त जरूर देखी गई है। हालांकि अभी भी तापमान सामान्य से कम बना हुआ है।
जाने कहां कितना रहा तापमान
मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार आज शनिवार को भी तापमान सामान्य से कम बन रहा है। आज क्षेत्र में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा है। अगर हम औसतन तापमान की बात करें तो आज अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
इस दौरान पालम में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा है। वहीं, आज 9 मई को लोधी रोड में तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम दर्ज किया गया है। आया नगर में तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा है। मौसम विभाग की ओर से हालांकि आज बादल छाए रहने का पूर्वानुमान था, लेकिन पूरे दिन धूप निकली रही और लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा।
जाने आगामी दिनों में कैसा रहेगा तापमान
आईएमडी की ओर से जारी किए गए वेदर अपडेट के अनुसार कल 10 मई को क्षेत्र में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। वहीं, 11 व 12 मई को अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस और 13 से 14 मई को अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इसके अलावा 15 मई को अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है।