Gold Silver Rates : अगर आप आने वाले दिनों में सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो अब आपको ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है। केंद्र सरकार ने सोना, चांदी और अन्य कीमती धातुओं के आयात पर लगने वाली ड्यूटी में बढ़ोतरी की है। वित्त मंत्रालय (Ministry of Finance) की ओर से मंगलवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, नई दरें आज से लागू हो गई हैं।
सोना महंगा होने का दिखेगा असर
सरकार के इस फैसले के बाद देश में सोना और चांदी की कीमतों में तेजी (silver price hike) आने की संभावना जताई जा रही है। दरअसल, विदेशों से सोना आयात करना अब महंगा हो जाएगा, जिसका सीधा असर बाजार और उपभोक्ताओं दोनों पर देखने को मिल सकता है।
गोल्ड पर कुल आयात शुल्क अब 15%
सरकार ने सोने पर लगने वाली कुल आयात शुल्क को 6% से बढ़ाकर 15% कर दिया है। इसमें बेसिक कस्टम ड्यूटी (BCD) को 5% से बढ़ाकर 10% किया गया है, जबकि एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) को 1% से बढ़ाकर 5% कर दिया गया है। इसके अलावा UAE से तय कोटे के तहत आने वाले सोने पर भी अब अधिक ड्यूटी देनी होगी। पहले इस कोटे के तहत रियायती दरों का लाभ मिलता था।
आम लोगों पर इसका क्या असर पड़ेगा
इस फैसले का सबसे ज्यादा असर ज्वेलरी खरीदने वालों पर देखने को मिल सकता है। आयात महंगा होने से सर्राफा कारोबारियों की लागत बढ़ेगी, जिसका सीधा बोझ ग्राहकों पर पड़ेगा। यानी शादी-ब्याह या निवेश के लिए सोना खरीदना अब पहले की तुलना में ज्यादा महंगा हो सकता है। सिर्फ ज्वेलरी सेक्टर (jewelery sector) ही नहीं, बल्कि वे उद्योग भी प्रभावित होंगे जो कीमती धातुओं का उपयोग मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स या रिसाइक्लिंग में करते हैं। लागत बढ़ने से कई उत्पादों की कीमतों में भी इजाफा हो सकता है।
सोने के आयात में लगातार बढ़ोतरी
भारत में पिछले कुछ वर्षों के दौरान सोने के आयात में लगातार बढ़ोतरी (Gold imports continue to rise) दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2025-26 में गोल्ड इंपोर्ट 24% से अधिक बढ़कर रिकॉर्ड 71.98 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जबकि इससे पहले 2024-25 में यह आंकड़ा 58 अरब डॉलर था। हालांकि मात्रा के हिसाब से सोने के आयात में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। पिछले वित्त वर्ष में जहां 757.09 टन सोने का आयात हुआ था, वहीं इस बार यह घटकर 721.03 टन रह गया। भारत को चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा गोल्ड उपभोक्ता माना जाता है।
सबसे अधिक सोना स्विट्जरलैंड से होता है आयात
भारत सबसे अधिक सोना स्विट्जरलैंड से आयात (gold import from switzerland) करता है, जिसकी हिस्सेदारी करीब 40% है। इसके बाद UAE और दक्षिण अफ्रीका का स्थान आता है। देश के कुल आयात में अकेले सोने की हिस्सेदारी अब 9% से भी अधिक हो चुकी है।
पहले ड्यूटी में की गई थी कटौती
दिलचस्प बात यह है कि जुलाई 2024 के बजट (budget) में सरकार ने बाजार को राहत देने के उद्देश्य से सोने पर कुल आयात शुल्क 15% से घटाकर 6% कर दिया था। लेकिन अब आयात में तेज बढ़ोतरी और विदेशी मुद्रा पर बढ़ते दबाव को देखते हुए सरकार ने एक बार फिर ड्यूटी बढ़ाने का फैसला लिया है।
प्रधानमंत्री ने भी लोगों से बचत की अपील की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narender Modi) ने हाल ही में देशवासियों से खर्चों में संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से सोने की खरीदारी, विदेश यात्राओं और ईंधन की खपत कम करने पर जोर दिया, ताकि विदेशी मुद्रा भंडार (foreign exchange reserves) पर दबाव घटे और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रहे।