Haryana : रेवाड़ी में बनेगा आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, सीएम की स्टेडियम बनाने की भी घोषणा

Haryana News : प्रदेश के रेवाड़ी जिले के गांव रामगढ़ भगवानपुर में लोग आंदोलन पर बैठे हुए हैं। रामगढ़ भगवानपुर क्षेत्र के लोगों की मांग है कि उनके इलाके में सरकारी अस्पताल बनाया जाए। इस मांग को लेकर पिछले 320 दिनों से ग्रामीण आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अचानक वहां पहुंचे।

इस दौरान उन्होंने गांव में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा भी की। साथ ही उन्होंने गांव के युवाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस खेल स्टेडियम बनाने की भी घोषणा की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा के बाद ग्रामीणों ने धरना स्थगित कर दिया है।


धरना क्षेत्र में अचानक से मुख्यमंत्री के पहुंचने से संघर्ष समिति और समस्त ग्रामीण हैरान हुए। वहीं, मुख्यमंत्री की ओर से मेडिकल कॉलेज और खेल स्टेडियम बनाने की घोषणा के बाद ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत करते हुए ग्रामीणों ने अपना आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव और पूर्व विधायक रणवीर सिंह कापड़ीवास भी यहां मौजूद रहे।


इन परियोजनाओं के लिए ग्राम पंचायत की ओर से 8 एकड़ जमीन दे दी गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने रेवाड़ी दौरे के दौरान सबसे पहले गांव रामगढ़ भगवानपुर पहुंचे और वहां बीते 320 दिनों से धरने पर बैठे ग्रामीण और संघर्ष समिति के पदाधिकारियों से बातचीत की। इस दौरान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने सरकारी अस्पताल बनाने के लिए 8 एकड़ जमीन दी हुई है। ऐसे में वह सरकारी अस्पताल बनाए जाने की घोषणा की उम्मीद किए हुए हैं।


उन्होंने बताया कि राव इंद्रजीत सिंह ने भी वादा किया था और कहा था कि यह शहर रेवाड़ी के पास है और रेवाड़ी-रोहतक नेशनल हाईवे 71 पर स्थित है। ऐसे में यहां काफी विकास होने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि वे लोग कई बार जिला मुख्यालय और रामपुर हाउस जाकर प्रदर्शन कर चुके हैं। हालांकि उनकी मांग पर कोई कदम नहीं उठाया गया। वहीं केंद्रीय मंत्री ने भी अस्पताल बनाने का वादा किया था, लेकिन अभी तक अस्पताल बनाने को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है।


ऐसे में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गांव में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज और खेल स्टेडियम बनाने की घोषणा की और 320 दिनों से आंदोलन पर बैठे ग्रामीणों की बात सुनी। वहीं, मांग पूरी होने के बाद ग्रामीणों ने धरना स्थगित करने की घोषणा की और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया। इस धरने में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थी। वह हर रोज धरना स्थल पर वादा तोड़ने वालों के खिलाफ व्यंग्यात्मक भजन भी गाती थी।

Leave a Comment