Rajasthan Weather Update : इन दिनों देशभर में मौसम के अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहे हैं। ऐसे में एक ओर जहां राजस्थान में भयंकर धूप और लू ने लोगों को परेशान किया हुआ है। वहीं, दूसरी ओर कुछ राज्यों में बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी हुई है। ऐसे में मई महीना राजस्थान वासियों के लिए राहत लेकर आया है।
लोगों को गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद बनी हुई है। भारत मौसम विभाग की ओर से जारी लेटेस्ट वेदर अपडेट के अनुसार आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
ठंडी हवाओं का असर
मौसम विभाग के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही ठंडी हवाओं का असर प्रदेश के मौसम पर दिखाई देगा। ऐसे में तापमान में गिरावट आने की संभावना है और विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दो दिनों में राजस्थान के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की कटौती हो सकती है।
ऐसे में लोगों को लू और गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद बनी है। मौसम विभाग के वेदर अपडेट के अनुसार कल 2 मई से 4 मई तक जयपुर अलवर भरतपुर दोसा सीकर और झुंझुनू जैसे क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में बिजली कड़कने के साथ-साथ बूंदाबांदी होने की भी संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी तीन से चार दिनों तक राजस्थान के कई क्षेत्रों में धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। वहीं, आंधी के साथ-साथ हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिल सकती है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट होगी। विशेषज्ञों का कहना है की हवा में नमी बढ़ने की वजह से लोगों को उमस से परेशानी हो सकती है।
हल्की धूल भरी हवाएं चलने की संभावना
लेटेस्ट वेदर अपडेट के अनुसार पूर्वी राजस्थान के जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग में बारिश होने की संभावना पूरी तरह से बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में हल्की धूल भरी हवाएं चलने की संभावना नजर आ रही है। ऐसे में मौसम विभाग की ओर से किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने किसानों को हिदायत दी है कि वह अपनी फसलों को भीगने से बचाने के पूरे बंदोबस्त रखें। वहीं, आम लोगों को आंधी के दौरान सावधानी बरतने की भी विभाग ने हिदायत दी है।